एसपी महराजगंज ने थाना श्यामदेउरवा के नवनिर्मित मुख्य द्वार का किया उद्घाटन, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

महराजगंज


महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़
जनपद के पुलिस अधीक्षक द्वारा बुधवार को थाना श्यामदेउरवा का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाने के नवनिर्मित मुख्य प्रवेश द्वार का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद एसपी ने थाने की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न अभिलेखों—जैसे आगंतुक पंजी, अपराध रजिस्टर व अन्य रजिस्टरों की जांच करते हुए प्रविष्टियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार में रखे हथियारों की स्थिति का जायजा लिया गया तथा उनके रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, मेस में पुलिसकर्मियों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता भी परखी गई। थाना परिसर, बैरक और कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सहित थाना श्यामदेउरवा के समस्त अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
एसपी का यह निरीक्षण पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत व जनसहयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *