24 लाख 36 हजार की लागत से बने बहुउद्देशीय पंचायत भवन का लोकार्पण

कुशीनगर राज्य




कप्तानगंज (कुशीनगर)। जन प्रहरी न्यूज़ रवि प्रताप मिश्रा कप्तानगंज विकासखंड के ग्राम पंचायत शेखपुरवा में 24 लाख 36 हजार रुपये की लागत से निर्मित बहुउद्देशीय पंचायत भवन का सोमवार को लोकार्पण कसया विधायक प्रतिनिधि रुद्र प्रकाश सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि रुद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से ग्रामीणों को पंचायत से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलती है। अब ग्रामीणों को प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, विकास योजनाओं की जानकारी और अन्य पंचायत संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत भवन के निर्माण से गांव में विकास कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। पंचायत भवन में बैठकों, जनसुनवाई और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए भी बेहतर व्यवस्था की जा सकेगी।
ग्राम प्रधान शिवांगी सिंह ने कहा कि पंचायत भवन गांव के विकास और ग्रामीणों की सुविधा के लिए समर्पित रहेगा। यहां पंचायत की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने भवन निर्माण में सहयोग देने वाले अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
लोकार्पण समारोह के दौरान ग्राम पंचायत सचिव किशन राय, स्वामी शिवानन्द सरस्वती, राजकुमार पाण्डेय, वृंदावन पाण्डेय, सुशील पाण्डेय, रामज्ञान सिंह, दीनदयाल सिंह, मुकेश पाण्डेय, अश्वनी मिश्रा, जय हिंद सिंह, लवकुश पाण्डेय, राजन चौरसिया, कमलेश यादव, विजय सिंह, आनंद पासवान आदि समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *