महराजगंज,पनियरा न्याय पंचायत स्तर पर शिक्षक सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन कर सेवानिवृत्त शिक्षक प्रमोद कुमार पटेल को भावभीनी विदाई दी गई। विद्यालय परिवार और विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षकों ने उन्हें अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके लंबे सेवाकाल और शिक्षण कार्य की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया। समारोह में जूनियर शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष संजय मणि त्रिपाठी, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नीरज राय, ब्लॉक मंत्री सुनील मिश्रा, राजेश यादव, दिनेश कुमार सिंह तथा जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रयागनाथ मिश्रा की मौजूदगी रही। हाजी अजहर इंटर कॉलेज के प्रबंधक सलीम खान ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक का जीवन केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने का कार्य करता है। प्रमोद कुमार पटेल ने अपने सेवाकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों एवं पुरानी स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों और बच्चों से शिक्षा के प्रति समर्पित रहकर ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
विदाई समारोह के दौरान प्रमोद कुमार पटेल ने बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन तबरेज ने किया।
आयोजन में न्याय पंचायत स्तर के नोडल संकुल नागेंद्र चौहान, रामेश्वर, सुभाष वर्मा, कैलाश गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, वीरेंद्र भारती, अरुण कुमार, सदानंद यादव, अजीत सिंह, अरुंधति, सुनीता शर्मा, अशोक त्रिपाठी, यासमीन जहां, बालकरण, जयप्रकाश, आशुतोष बालियां, राहुल कुमार पटेल, अखिलेश कुमार, संदीप शर्मा, बबीता सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।
अंत में नागेंद्र चौहान एवं राहुल कुमार पटेल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
