भिटौली, महराजगंज आगामी चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बिहार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष चेतना सिन्हा पांच दिवसीय प्रवास पर पनियरा विधानसभा क्षेत्र पहुंचीं। उनके आगमन से क्षेत्र में महिला मोर्चा में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।
पनियरा पहुंचने पर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने चेतना सिन्हा का भव्य स्वागत किया। प्रवास के पहले दिन उन्होंने परतावल स्थित जनसंपर्क कार्यालय पर भाजपा युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह से भेंट कर संगठनात्मक बैठक की और क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता व आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
चेतना सिन्हा ने कहा कि चुनावी रणनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो, इसके लिए भाजपा महिला मोर्चा पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा केवल संगठन का अंग नहीं बल्कि भाजपा की जीत की रीढ़ है। बूथ स्तर तक महिलाओं को जोड़कर, उनकी समस्याओं को सुनकर और उनके सुझावों को रणनीति में शामिल करके ही मजबूत संगठन खड़ा किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय प्रवास के दौरान विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें होंगी। बूथ स्तर की महिलाओं से सीधा संवाद किया जाएगा, उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना जाएगा तथा संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया जाएगा।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य महिला मोर्चा की इकाइयों को सक्रिय करना, नई महिला कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ना और आगामी चुनावों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना है।
इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला महामंत्री प्रज्ञा मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष ममता भारती, विवेक पटेल, पिछड़ा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष उमेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी कौशल श्रीवास्तव, कन्हैया मद्धेशिया सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
