परतावल। भारत रत्न बाबा भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर परतावल ब्लॉक के ग्राम सभा बेलवा में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां सैकड़ों दीपों की रोशनी ने वातावरण को आलोकित कर दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा ने किया। उन्होंने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है, जिससे प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और शिक्षा को जीवन का मूल आधार बनाने का आह्वान किया।
दीपोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सुरेंद्र पटेल, यशपाल कनौजिया, परदेसी, राहुल राज, रामानंद, रमेश पटेल, मिथुन, दयानंद, राजू, उदयभान, संजय, दिनेश, शंभू शरण पटेल, पूर्णमासी यादव, इंद्रजीत तिवारी, सुनील, सरदार जी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
ग्रामीणों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता और एकता को मजबूत करते हैं। दीपोत्सव के माध्यम से बाबा साहेब के प्रति सम्मान व्यक्त करने का यह प्रयास क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ।
