पुण्यतिथि के अवसर पर पर रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों ने उठाया नि:शुल्क चिकित्सा का लाभ

महराजगंज

भिटौली बाजार स्थित श्री सूर्य नारायण सिंह कन्या इंटर कॉलेज में हुआ आयोजन, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, स्वैच्छिक रक्तदान के लिए किया जागरूक

महराजगंज। सुर्यनारायण सिंह कन्या विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय श्रीमती शांति सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को भिटौली बाजार स्थित श्री सूर्य नारायण सिंह कन्या इंटर कॉलेज परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया तथा कई लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।सुबह आठ बजे शुरू हुए शिविर में जिला संयुक्त चिकित्सालय की चिकित्सकीय टीम राजकीय रक्त केंद्र की ब्लड कलेक्शन वैन के साथ मौजूद रही। चिकित्साधिकारी डॉ. आफरीन सिद्दीकी के नेतृत्व में एलटी (इंचार्ज) देवेश कुमार पाण्डेय, एलटी बलवंत चौधरी, उपचारिका नीलम शर्मा, प्रधान सहायक अजीत कुमार शर्मा, डीईओ उमेश तथा स्वीपर दिलीप कुमार ने रक्त संग्रहण और अन्य व्यवस्थाओं का संचालन किया।स्वास्थ्य शिविर में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका सिंह, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिंह, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरी शंकर सिंह तथा मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. दिलीप अग्रहरि ने मरीजों का परीक्षण कर नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में रक्तचाप सहित आवश्यक जांचें भी की गईं और जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति भी जागरूक किया।आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके निकट ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाई जा सकती है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।विद्यालय के प्रबंधक शरद कुमार सिंह ‘बबलू’ ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और कई युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे।इस मौके पर पूर्व विधायक सुदामा प्रसाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह, आलोक प्रसाद,पूर्व प्रमुख मोहन सिंह, गोपाल शाही, चन्द्रशेखर पांडे, भाजपा वरिष्ठ नेता मानवेन्द्र सिंह, पूर्व एआरम इस्तेहाक अहमद, प्रधानाचार्य व्यास मुनि सिंह, ग्राम प्रधान अशोक जायसवाल,पूर्व जिला पंचायत सदस्य घनश्याम शर्मा,पूर्व प्रधान उमेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *