महराजगंज में सपा का धरना-प्रदर्शन, राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

महराजगंज राजनीति


महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव महिला सभा के जिला अध्यक्ष सत्यभामा सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि जनपद सहित पूरे प्रदेश में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके कारण आम जनता और किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और उपभोक्ताओं को रातभर लाइन में लगने के बावजूद उनकी जरूरत के अनुसार ईंधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। साथ ही कुछ स्थानों पर बिचौलियों द्वारा डीजल, पेट्रोल और गैस की कालाबाजारी कर अधिक कीमत वसूली जा रही है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में नियुक्त अधिकारियों द्वारा जारी किए जा रहे कुछ आदेश और फरमान आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है तथा हत्या, बलात्कार और महिलाओं एवं छात्रों पर अत्याचार की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

सपा जिलाध्यक्ष ने महंगाई और बेरोजगारी को प्रदेश की प्रमुख समस्याएं बताते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन परीक्षाओं का आयोजन हो रहा है, उनमें भी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के आरक्षण अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे इन वर्गों के युवाओं को सरकारी नौकरियों से वंचित होना पड़ रहा है।

विद्यासागर यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान है और इन समस्याओं का स्थायी समाधान वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने तथा अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने पर ही संभव होगा।

धरना-प्रदर्शन में जिला महासचिव अजय गुप्ता उर्फ लल्ला भैया, समसुद्दीन अली, पूर्व मंत्री सुशील कुमार टीबडेवाल, कृष्णभान सिंह सैंथवार, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव उर्फ लाला यादव, प्रणय गौतम, निरमेश मंगल, पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, बिंद्रेश कनौजिया, मक्खू प्रसाद, छात्र सभा जिलाध्यक्ष यज्ञदत्त पासवान, विधानसभा अध्यक्ष नौशाद तथा अखिलेश मौर्या सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *