महराजगंज। श्यामदेउरवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम पंचायत सचिवालय में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का पूरा सामान, एक अवैध 32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस के साथ 3/25 व 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चोरी की घटनाओं के अनावरण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर कुमार गौतम के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 की रात ग्राम पंचायत बसहिया खुर्द स्थित पंचायत सचिवालय का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, माउस और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने बसहिया बुजुर्ग निवासी अफरोज (25) और तरकुलवा भटगांवा निवासी अब्दुल अजीज (24) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अफरोज के पास से अवैध पिस्टल व कारतूस तथा अब्दुल अजीज के पास से अवैध चाकू बरामद हुआ। दोनों की निशानदेही पर चोरी किया गया समस्त सामान भी बरामद कर लिया गया।
बरामद सामान में पांच मॉनिटर, दो सीपीयू, एक प्रिंटर, दो की-बोर्ड, दो माउस, एक डीवीआर, चार सोलर पैनल, तीन टुल्लू पंप, एक डी-लिंक डिवाइस, लैपटॉप चार्जर समेत अन्य सामग्री शामिल है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग छह लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले सरकारी भवनों, कार्यालयों और संस्थानों की रेकी करते थे। सुरक्षा व्यवस्था और मूल्यवान सामान की जानकारी जुटाने के बाद सुनियोजित तरीके से रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पहले भी चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
