किशोर-किशोरियों को पोषण व स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

महराजगंज

परतावल/महराजगंज। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को एम.आर.के. आदर्श जूनियर हाई स्कूल धनहा नायक में किशोर-किशोरियों के लिए पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के किशोर स्वास्थ्य काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने विद्यार्थियों को मासिक थीम ‘पोषण’ के तहत संतुलित आहार और व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने किशोर-किशोरियों को भोजन में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने तथा समयानुसार नियमित भोजन करने की सलाह दी। उन्होंने खान-पान में हरी सब्जियों को अधिक से अधिक शामिल करने और संतुलित आहार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में भोजन करने से पहले सुमन-के विधि से हाथ साफ करने के सात चरणों के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि हाथों की उचित सफाई संक्रमण से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
इस दौरान किशोरियों को सेनेटरी नैपकिन एवं आयरन की गोलियां वितरित की गईं तथा किशोरावस्था में पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियां उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *