महराजगंज। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित निपुण विद्यालय सम्मान समारोह विकास भवन सभागार में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विधायक फरेंदा वीरेन्द्र चौधरी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि बेसिक शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने शिक्षकों के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इसी समर्पण का परिणाम है कि महाराजगंज ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आज की शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों के योगदान को जनपद की सफलता का मुख्य आधार बताया।
मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह ने शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अब लक्ष्य और ऊंचा तय करना होगा, ताकि महाराजगंज शिक्षा के क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त कर सके।
समारोह में प्रत्येक विकासखंड से 5-5 निपुण विद्यालयों को सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षकों में उत्साह का संचार हुआ। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ऋद्धि पांडेय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विभाग की उपलब्धियों को साझा किया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही प्राथमिक विद्यालयों की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, जिसने पूरे सभागार को भक्ति भाव से भर दिया। संचालन एआरपी अरविंद जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर डायट प्राचार्य अभिजीत सिंह, प्रवक्ता सुनील भारती, डीसी ट्रेनिंग अखिलेश वर्मा, डीसी एमडीएम शैलेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
