शिक्षा के अलख जगाने वाले शिव जपत सिंह को 44वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि

संस्थापक प्रबंधक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया नमन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को किया याद

महराजगंज

भिटौली/महराजगंज। क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने वाले महान शिक्षाविद एवं श्री शिवजपत सिंह जनता इंटर कॉलेज भिटौली के संस्थापक प्रबंधक स्वर्गीय शिव जपत सिंह की 44वीं पुण्यतिथि मंगलवार को विद्यालय परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस दौरान उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

विद्यालय के प्रबंधक एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष शरद कुमार सिंह ने संस्थापक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने स्वर्गीय शिव जपत सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1956 में जब क्षेत्र में शिक्षा का पर्याप्त प्रसार नहीं था, तब बलिया से आकर उन्होंने भिटौली बाजार में जनता जूनियर हाईस्कूल की स्थापना की। उनके द्वारा रोपा गया शिक्षा का यह पौधा आज विशाल वृक्ष बनकर जनता इंटर कॉलेज के रूप में क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा को लेकर स्वर्गीय शिव जपत सिंह की सोच दूरदर्शी थी। वे क्षेत्र के लोगों को शिक्षित करने के साथ ही गन्ना किसानों को आगे बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहे। शिक्षा के इस अभियान में कुछ लोगों द्वारा विघ्न डालने का प्रयास किया गया और 7 अक्टूबर 1983 को उनकी निर्मम हत्या कर दी गई।

उनके निधन के बाद विद्यालय का नाम उनके सम्मान में शिवजपत सिंह जनता इंटर कॉलेज किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके द्वारा शुरू किए गए शिक्षा रूपी यज्ञ को आगे बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी है। उनके सपनों को साकार करने की दिशा में सूर्य नारायण सिंह कन्या इंटर कॉलेज तथा उच्च शिक्षा के लिए शिव प्रसन्न सिंह स्मारक महाविद्यालय की स्थापना महत्वपूर्ण कदम हैं।

पुण्यतिथि के अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय शिव जपत सिंह के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक सुदामा प्रसाद, पूर्व प्रमुख मोहन सिंह, गोपाल शाही, तेजबहादुर पाण्डेय, इश्तियाक अहमद, बालेन्द्र शुक्ला, व्यास मुनि सिंह, श्रीमती राधा गुप्ता, डॉ. एसएन पाण्डेय, राजू पटेल, रामानंद वर्मा, हृदय चौधरी, एवी सिंह, सुशील गौंड, चंद्रजीत भारती, अभिमन्यु, रवि यादव, लाल मोहब्बू सिंह (पूर्व प्रधानाचार्य), बृजेश पाण्डेय, ईश्वर जायसवाल, कलामुद्दीन, वीरेंद्र दास, राजाराम सिंह, बृजेश श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *