तेज हवा में सड़क पर गिरा रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड, बाइक सवार महिला की मौत

मेडिकल कॉलेज से बेटे के साथ इलाज कराकर घर लौट रही थी महिला, परतावल सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया

दुर्घटना महराजगंज

परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मौसम खराब होने के दौरान चली तेज हवा एक परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ी। गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर महाराजा रेस्टोरेंट के सामने सड़क के बीच लगाया गया प्रचार बोर्ड अचानक तेज हवा के झोंके से गिर गया। इसी दौरान बाइक से गुजर रही महिला बोर्ड की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी सुभावती छप्पन (55) बुधवार सुबह अपने बेटे दुर्विजय के साथ गोरखपुर मेडिकल कॉलेज गई थीं। इलाज कराने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर महाराजा रेस्टोरेंट के सामने पहुंचे, उसी दौरान मौसम अचानक खराब हुआ और तेज हवाएं चलने लगीं।

बताया जा रहा है कि तेज हवा के बीच सड़क के बीच लगाया गया रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड अचानक उखड़कर बाइक के ऊपर जा गिरा। बाइक पर पीछे बैठी सुभावती बोर्ड की चपेट में आने से सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी परतावल पहुंचाया गया।

सीएचसी पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत

सीएचसी परतावल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. फुरकान ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार, महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। हादसे में बाइक चला रहे महिला के बेटे को चोट नहीं आई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं, सड़क के बीच लगाए गए प्रचार बोर्ड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *