परतावल (महाराजगंज)। क्षेत्र में दिवंगत अभिषेक मझद्रेशिया को न्याय दिलाने और उनकी आत्मा की शांति के लिए सोमवार शाम परतावल में एक विशाल मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मझद्रेशिया और सपा नेता अजय कुमार गुप्ता उर्फ लल्ला भैया के नेतृत्व में यह मार्च परतावल चौराहे से शुरू हुआ। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर “अभिषेक मझद्रेशिया को न्याय दो” और “आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो” जैसे नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र के भगवानपुर निवासी अभिषेक मझद्रेशिया की कुछ दिन पूर्व गोरखपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और वे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के खिलाफ दर्ज मुकदमे में तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, उचित कानूनी कार्रवाई तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की अपील भी की।
इस प्रदर्शन में सत्यभामा सिंह, कृष्णा महाजन, दिग्विजय सिंह, रंजीत मझद्रेशिया, देवराज सिंह समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में आक्रोश के साथ न्याय की उम्मीद भी साफ झलकती रही।
