पुरानी रंजिश में घर पर चढ़कर हमला, ग्राम प्रधान समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

महराजगंज अपराध

लाठी -डंडों से मारपीट में पिता, पत्नी और बेटे घायल, जान से मारने की धमकी का भी आरोप

भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के जद्दू पिपरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर पिता, पत्नी और बेटे को घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

जद्दू पिपरा निवासी रविउल्ला पुत्र हबीबुल्लाह की तहरीर के अनुसार, 3 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे उनका पुत्र अशफाक खान घर से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान गांव का एक युवक तेज रफ्तार बाइक लेकर वहां पहुंचा। बाइक छू जाने को लेकर कहासुनी हुई, जो पुरानी रंजिश के चलते विवाद में बदल गई।आरोप है कि इसके बाद ग्राम प्रधान जमीरुल्लाह, उनके भाई नसीबुल्लाह तथा नेसार लाठी-डंडों के साथ रविउल्ला के घर पहुंच गए। आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए रविउल्ला पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी सितारा खातून और पुत्र अशफाक खान के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जाते समय आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।थाना प्रभारी सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान जमीरुल्लाह, उनके भाई नसीबुल्लाह तथा नेसार के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *