स्टेयरिंग फेल होने से गैस सिलेंडरों से लदी पिकअप पलटी, चालक सुरक्षित; 64 सिलेंडर सुरक्षित निकाले गए

दुर्घटना महराजगंज

परतावल /महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सिरसिया उर्फ़ मलमलिया गांव के समीप शनिवार को गैस सिलेंडरों से लदी एक पिकअप वाहन स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार राज गैस सर्विस की पिकअप लगभग 64 एलपीजी गैस सिलेंडर लेकर आसपास के गांवों में वितरण के लिए जा रही थी। इसी दौरान मलमलिया गांव के पास अचानक वाहन का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक मुकेश वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप पलट गई।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही गैस एजेंसी संचालक ने दूसरी पिकअप और कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने पूरी सावधानी बरतते हुए सभी 64 गैस सिलेंडरों को दूसरे वाहन में स्थानांतरित कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

बताया गया कि ये सिलेंडर मलमलिया उर्फ सिरसिया, हरपुर तिवारी, तरकुलवा उर्फ भटगांव, लक्ष्मीपुर जरलहिया, लक्ष्मीपुर, अन्थैया, महदेवा सहित आसपास के गांवों में उपभोक्ताओं को वितरित किए जाने थे।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का स्टेयरिंग फेल होना सामने आया है। सिलेंडरों को सुरक्षित दूसरे वाहन में स्थानांतरित करा दिया गया है तथा यातायात भी सामान्य कर दिया गया। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *