भिटौली, महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ा गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पिता की डांट से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने देवरिया शाखा बड़ी नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस और एनडीआरएफ की टीम देर शाम तक किशोरी की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मपुर बड़ा गांव निवासी बबलू रावत ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी तीन पुत्रियां हैं, जिनमें बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि अन्य पुत्रियां उनके साथ घर पर रहती हैं। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर पिता ने अपनी दूसरी पुत्री खुशी को डांट दिया था। पिता की डांट से आहत किशोरी घर से शौच जाने की बात कहकर सुबह करीब छह बजे निकली और सीधे देवरिया शाखा बड़ी नहर के किनारे पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी अचानक दौड़ते हुए नहर में कूद गई। खेतों में काम कर रहे किसानों ने यह दृश्य देखा तो शोर मचाया। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और किशोरी की तलाश शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही भिटौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ खोजबीन में जुट गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोपहर करीब 12 बजे एनडीआरएफ टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद शाम लगभग पांच बजे तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम और चिंता का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी किशोरी के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार तलाश अभियान चला रही है। नहर में कूदी किशोरी की खोजबीन जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: जन प्रहरी, महराजगंज
