कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य टीम ने किया अभियान का शुभारंभ, किशोरियों को एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति भी किया जागरूक

महराजगंज

परतावल। अंतर्राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल की स्वास्थ्य टीम ने सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल परतावल में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशीनाथ सिंह रहे। उन्होंने यूकेजी की छात्रा कुमारी आराध्या गुप्ता को एल्बेंडाजोल की पहली गोली खिलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने की। उन्होंने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली समस्याओं और एल्बेंडाजोल की सही खुराक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली चूर्ण बनाकर दी जाती है, जबकि 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली चूर्ण बनाकर खिलाई जाती है। 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को एक पूरी गोली चबाकर खाने की सलाह दी जाती है।

मुख्य अतिथि काशीनाथ सिंह ने बच्चों को बाजार में मिलने वाले खुले और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी। उन्होंने घर में तैयार पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने के लिए बच्चों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए स्वच्छता के साथ-साथ खानपान पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है।

अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने किशोरियों को एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और समय पर टीकाकरण से कई गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग के काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने और आसपास साफ-सफाई रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं डाटा एंट्री ऑपरेटर संजीव कुमार सिंह ने विद्यालय के सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक लेने के लिए प्रेरित किया और अभियान में शत-प्रतिशत सहभागिता का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकशिक्षिकाएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। स्वास्थ्य टीम ने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए नियमित स्वच्छता अपनाने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *