भिटौली, महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा करमहिया टोला में 15 वर्षीय किशोरी आंचल चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह आंचल चौधरी का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में मिला था। घटना के समय उसके माता-पिता धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे, जबकि किशोरी घर पर अकेली थी। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में भारी भीड़ जुट गई।
मृतका के परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया था कि वह पिछले करीब एक वर्ष से किशोरी पर बातचीत करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि युवक ने किशोरी का एक वीडियो बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिटौली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और साक्ष्य संकलित करते हुए विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण के आरोप में कार्रवाई आगे बढ़ाई।
इसी क्रम में मंगलवार को भिटौली पुलिस ने नामजद आरोपी मंजेश उर्फ गुड्डू निवासी सेमरा राजा टोला करमहिया को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
