महराजगंज


परतावल/महराजगंज।(जन प्रहरी न्यूज़ संपादक -आनन्द कुमार पाण्डेय )
नगर पंचायत परतावल स्थित पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज के विशाल मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 546 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। समारोह के दौरान पूरा परिसर उत्सव और उल्लास के माहौल से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, परतावल ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय तथा पूर्व चेयरमैन कृष्ण गोपाल जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
सामूहिक विवाह समारोह में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए वर-वधुओं का विवाह पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध धर्म के जोड़ों का विवाह उनकी-उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए गए, वहीं दूसरी ओर निकाह और बौद्ध रीति से भी विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी से जुड़ा आवश्यक सामान तथा आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। अतिथियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नए जीवन के लिए विदा किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। समारोह को सफल बनाने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना श्यामदेउरवा के थाना प्रभारी अभिषेक सिंह तथा परतावल पुलिस चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ पूरे समय तैनात रहे और सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया।
भव्य आयोजन और सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण सामूहिक विवाह समारोह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा तथा लोगों ने सरकार की इस योजना की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *