महराजगंज। जन प्रहारी न्यूज
भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरिया शाखा नहर में सोमवार सुबह एक युवक का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव भैंसा पुल के पास नहर में दिखाई देने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे बाहर निकलवाया।
प्रथम दृष्टया शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
सूचना पर भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के थानों और जनपदों को शव की जानकारी भेजते हुए गुमशुदगी दर्ज मामलों से मिलान शुरू कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे नहर में शव उतराता दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
