संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने पड़ोसी युवक पर लगाया हत्या का आरोप

अपराध महराजगंज

भिटौली/महराजगंज।जन प्रहरी न्यूज़ भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा ग्राम पंचायत के करमहिया टोला में रविवार सुबह एक 15 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सेमरा राजा करमहिया टोला निवासी चंद्रशेखर चौधरी की पुत्री आंचल चौधरी (15) कक्षा नौ की छात्रा थी। रविवार सुबह उसके माता-पिता धान की रोपाई के लिए खेत गए थे, जबकि आंचल घर पर खाना बना रही थी। घर में उसके अलावा कोई नहीं था।
सुबह करीब सात बजे पड़ोस की एक बच्ची दुकान से सामान खरीदने के लिए उनके घर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने और आवाज देने पर कोई जवाब न मिलने पर वह छत के रास्ते घर के अंदर गई। वहां चारपाई पर आंचल का शव पड़ा मिला। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और सूचना मिलने पर परिजन भी खेत से घर लौट आए।
परिजनों के अनुसार किशोरी के गले पर तार से कसाव का निशान था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष भिटौली सत्येंद्र कुमार राय, एसएसआई प्रवीण सिंह तथा चौकी प्रभारी यदुवीर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
मृतका के परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने आंचल का एक वीडियो बना रखा था और पिछले लगभग एक वर्ष से उससे बात करने का दबाव बना रहा था। परिजनों का आरोप है कि युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देता था, जिससे किशोरी मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
सीओ सदर अंकुर गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *