जन प्रहरी न्यूज़
महराजगंज। जिले के पनियरा विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बभनौली–परतावल मार्ग पर स्थित जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कुछ ग्रामीण जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर साखू के एक सूखे पेड़ से फंदे के सहारे लटके एक युवक के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही ग्रामीण घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक युवक फुल पैंट और शर्ट पहने हुए था, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव करीब 8 से 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
