परतावल। नगरपंचायत परतावल के वार्ड नंबर 15 महंत अबैद्यनाथ नगर कॉलोनी में चल रहे नाली निर्माण कार्य को मानक के अनुरूप न होने के आरोप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वर्तमान सभासद काशी नाथ सिंह ने रुकवा दिया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित ठेकेदार एवं कर्मचारियों को फटकार लगाई।
काशी नाथ सिंह ने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नाली निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री और तकनीक का प्रयोग नहीं किया जा रहा था, जिससे भविष्य में लोगों को परेशानी हो सकती है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की जांच होने के बाद ही आगे काम शुरू कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले को लेकर नगरपंचायत क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
