जन प्रहरी न्यूज़
नौतनवा (महराजगंज) |
नौतनवा कस्बे के गांधीनगर वार्ड में रविवार को एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां किराए के मकान में रह रहे एसएसबी में तैनात महिला जवान के पति ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद स्वयं भी फांसी लगाकर जान दे दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौतनवा के दो मुहान घाट स्थित एसएसबी हेडक्वार्टर में तैनात एक महिला जवान का परिवार गांधीनगर वार्ड में किराए के मकान में रहता था। रविवार को किसी समय महिला जवान के पति अमरेश कुमार ने पहले अपने दो छोटे बच्चों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने कमरे में लगे पंखे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस महकमे के साथ-साथ एसएसबी विभाग में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसएसबी के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लग गए।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांधीनगर वार्ड में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
