संपादक -आनन्द कुमार पाण्डेय
परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के छातिराम बड़का टोला में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अनूप पांडे के घर के एक कमरे में रखे डिब्बे के अंदर गेहुअन सांप दिखाई दिया। अचानक सांप दिखने से परिवार के लोग घबरा गए, लेकिन घर के मालिक अनूप पांडे ने घबराने के बजाय सूझबूझ और समझदारी का परिचय दिया।
बताया जाता है कि जैसे ही अनूप पांडे कमरे में पहुंचे, उनकी नजर डिब्बे के अंदर मौजूद सांप पर पड़ी। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत सर्प रक्षक को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही सर्प रक्षक सनी सर्वेक्षक महाराजगंज से तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए और नगर पंचायत परतावल के छातिराम बड़का टोला स्थित घर पर पहुंच गए।
मौके पर पहुंचकर सर्प रक्षक ने पूरी सावधानी और कुशलता के साथ सांप को पकड़कर सुरक्षित तरीके से डिब्बे में कैद कर लिया। इसके बाद उसे आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की व्यवस्था की गई, ताकि किसी को नुकसान न हो और एक जीव की भी रक्षा हो सके।
इस दौरान आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने सर्प रक्षक की बहादुरी और कुशलता की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि अनूप पांडे की सूझबूझ और सर्प रक्षक की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और सांप को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
