महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ जनपद के नौतनवा नगर के गांधी नगर वार्ड में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक कलह के चलते एक युवक ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मोहल्ले में मातम का माहौल छा गया।
बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद से काफी परेशान चल रहा था। मृतक की पत्नी एसएसबी में कार्यरत बताई जा रही है, जबकि युवक बेरोजगार था। रविवार को जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और कोई हलचल नहीं हुई तो आस-पास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में युवक और उसके दो मासूम बच्चों के शव पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि कमरे की दीवार पर कुछ बातें लिखी मिली हैं, जिसमें पत्नी के अवैध संबंध का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
