परतावल, महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में आरोपी युवक की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दहशत में है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। परिवार का कहना है कि गिरफ्तारी में देरी से आरोपी का मनोबल बढ़ गया है और किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, एक जुलाई को आरोपी युवक पड़ोस की 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। अगले दिन किशोरी ने गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र से अपने पिता को फोन किया। पुलिस की सक्रियता के बाद आरोपी किशोरी को लेकर अपने घर पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे बरामद कर वन स्टॉप सेंटर भेजा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पांच दिन बाद किशोरी को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
पीड़ित पिता का आरोप है कि घर लौटने के बाद से आरोपी लगातार धमकियां दे रहा है, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।
मामले की विवेचना कर रहे उप निरीक्षक अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण में तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। न्यायालय में किशोरी का बयान दर्ज कराया जा चुका है तथा मुकदमे में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराएं जोड़ने (तरमीम) की प्रक्रिया जारी है।
