‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर सवाल: सीएचसी परतावल में रोपण के इंतजार में पड़े पौधे, कई मुरझाने लगे

भ्रष्टाचार महराजगंज

परतावल, महराजगंज। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल में लापरवाही का मामला सामने आया है। अभियान के तहत परिसर में लाए गए पौधे रोपण के बजाय कई दिनों से फर्श पर पड़े हैं। समय पर पौधरोपण और देखभाल न होने के कारण कुछ पौधे मुरझाने भी लगे हैं, जिससे अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।मौके पर मौजूद पौधों की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि उन्हें अभी तक जमीन में नहीं लगाया गया है। पौधे पॉलीबैग सहित एक कोने में रखे हुए हैं, जबकि शासन की मंशा के अनुरूप इन्हें तत्काल रोपित कर उनकी नियमित देखभाल की जानी चाहिए थी।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के लिए लगातार पौधरोपण अभियान चला रहे हैं। ऐसे में यदि सरकारी संस्थानों में ही पौधों की उपेक्षा होगी तो अभियान का उद्देश्य प्रभावित होगा। लोगों ने मांग की है कि सीएचसी परिसर में रखे सभी पौधों का शीघ्र रोपण कराया जाए तथा उनकी सुरक्षा और नियमित सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *