भिटौंली /महराजगंज।विवेक कुमार पाण्डेय
शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) प्रदीप कुमार शर्मा ने सोमवार को धर्मपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं, जिस पर डीआईओएस ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया।
जांच के दौरान आर के एकेडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल में प्रधानाचार्य अनुपस्थित पाए गए। वहीं विद्यालय में मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित होने की शिकायत भी सही मिली। इस पर डीआईओएस ने भविष्य में ऐसी स्थिति पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसके बाद आदर्श शिक्षा सेवा संस्थान का निरीक्षण किया गया, जहां अभिलेखों की जांच में सामने आया कि संस्थान को केवल जूनियर हाईस्कूल तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन मौके पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर की कक्षाएं संचालित हो रही थीं। डीआईओएस ने इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए तत्काल प्रभाव से अनधिकृत कक्षाएं बंद कराने के निर्देश दिए।
होप कोचिंग क्लासेस के निरीक्षण में भी कई खामियां सामने आईं। संस्था परिसर में निर्धारित सूचना बोर्ड नहीं लगा था, जबकि वहां कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। अधिकारियों ने इसे नियमों की अनदेखी बताते हुए संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया।
डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करना शिक्षा विभाग के नियमों का खुला उल्लंघन है। ऐसे संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ न हो सके।
उन्होंने कहा कि जिले में लगातार निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
