नौतनवा इंटर कॉलेज के पीछे सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, लेखपाल की भूमिका पर उठे सवाल

महराजगंज


स्थानीय लोगों में चर्चा: राजस्व कर्मी की मिलीभगत से भूमाफिया सक्रिय, जांच की मांग तेज
नौतनवा (महराजगंज)। जन प्रहरी न्यूज़
नगर क्षेत्र में स्थित नौतनवा इंटर कॉलेज के पीछे सरकारी भूमि पर कथित रूप से अवैध निर्माण का मामला सामने आने के बाद इलाके में हलचल मच गई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सरकारी जमीन पर तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है और इस पूरे प्रकरण में राजस्व विभाग के एक कर्मचारी की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार उक्त भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज बताई जा रही है, इसके बावजूद वहां निर्माण कार्य जारी है। क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि स्थानीय लेखपाल कृष्ण गोपाल की कथित मिलीभगत के चलते कुछ भूमाफिया सरकारी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी जमीनों की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी राजस्व विभाग की होती है। ऐसे में यदि उसी विभाग के कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगें तो सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा होना स्वाभाविक है।
मामले को लेकर जब लेखपाल कृष्ण गोपाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि पहले पूरे प्रकरण की पुष्टि कर ली जाएगी, उसके बाद ही कोई स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। हालांकि उनके इस जवाब के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोगों में यह संदेह भी जताया जा रहा है कि कहीं अवैध निर्माण में अंदरखाने मिलीभगत तो नहीं है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो तत्काल कार्रवाई कर निर्माण कार्य रुकवाया जाए, ताकि भविष्य में सरकारी जमीनों पर कब्जे की घटनाओं पर रोक लग सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *