घर के पीछे मिला लापता बुजुर्ग महिला का शव, हत्या की आशंका

महराजगंज


महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़
भिटौली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ही घर के पीछे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला गुरुवार दोपहर से ही लापता थी, जिसकी परिजन तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह घर के पीछे शव मिलने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल करते हुए साक्ष्य एकत्र किए।
जानकारी के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर गांव निवासी रामदुलारे मौर्या अपनी पत्नी मुनक्का देवी, छोटे बेटे कन्हैया और बहुओं के साथ रहते हैं, जबकि अन्य बेटे प्रदुम्मन, अर्जुन व कृष्णा रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बुधवार को परिवार में होली का त्योहार हंसी-खुशी मनाया गया था, लेकिन गुरुवार दोपहर करीब एक बजे मुनक्का देवी अचानक घर से निकल गईं और वापस नहीं लौटीं।
काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण घर के बाहर निकले तो घर के पीछे बुजुर्ग महिला का शव पड़ा देख दंग रह गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
परिजनों का आरोप है कि महिला की हत्या कर शव को घर के पीछे फेंक दिया गया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *