रहस्यमय हालात में 56 वर्षीय महिला की मौत, घर के पीछे मिला शव; डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस

महराजगंज


जन प्रहरी न्यूज़
मुंडन और भजन-कीर्तन की तैयारी के बीच मातम, लापता मुनक्का देवी का शव मिलने से गांव में मचा हड़कंप
महराजगंज।
भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम दरौली टोला अजमतपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब गुरुवार दोपहर से लापता एक 56 वर्षीय महिला का शव शुक्रवार भोर में उसके घर के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना से पूरे गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतका की पहचान मुनक्का देवी (56) पत्नी रामदुलारे यादव निवासी दरौली टोला अजमतपुर के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार मुनक्का देवी गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे घर से अचानक कहीं चली गई थीं और देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार तड़के करीब चार बजे घर के पीछे एक सुनसान स्थान पर उनका शव पड़ा मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहित कई थानों की पुलिस और चौकी प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
पुलिस ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि महिला के शरीर से आभूषण गायब हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां पहले कई बार तलाश की गई थी, लेकिन उस समय कुछ नहीं मिला। इससे संदेह और गहरा गया है।
इसी बीच मृतका का बेटा अपनी मां के हत्यारों का पता लगाने की मांग करते हुए फफक-फफक कर रो पड़ा। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुंडन और कीर्तन की तैयारी के बीच पसरा मातम
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मृतका के घर भजन-कीर्तन और मुंडन का कार्यक्रम होना था। घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार गहरे शोक में डूब गया। जहां भजन-कीर्तन की ध्वनि गूंजनी थी, वहां अब मातम और रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *