दुबई में ईरानी ड्रोन हमलों से दहशत, दो महीने में ही घर लौटे रजिउल्लाह20 घंटे की कठिन यात्रा के बाद पहुंचे गांव, परिवार से मिलते ही छलक पड़े खुशी के आंसू

महराजगंज


आनन्द कुमार पाण्डेय
जन प्रहरी न्यूज़ , परतावल
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपरिया निवासी रजिउल्लाह (36) दुबई में ईरान के ड्रोन हमलों और युद्ध जैसे हालात से घबराकर मात्र दो महीने के भीतर ही भारत लौट आए। लगातार हमलों की खबरों और दहशत के माहौल के बीच उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका से जल्द से जल्द अपने देश वापस लौटने का फैसला किया।
रजिउल्लाह छह जनवरी 2026 को रोजगार के सिलसिले में दुबई गए थे, जहां वह एक फर्नीचर कंपनी में क्रय-विक्रय विभाग में कार्यरत थे। उन्होंने बताया कि इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच 28 फरवरी को पहला हमला हुआ। इसके बाद बरदुबई क्षेत्र में स्थित अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाए जाने की आशंका से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उन्होंने बताया कि दुबई क्षेत्र दुबई एयरपोर्ट और जुमेरा स्थित फेयरमोंट होटल के करीब है। ड्रोन हमलों की खबरों से लोगों में डर का माहौल था। हालांकि आने वाले ड्रोन को नष्ट करने के लिए वहां का डिफेंस सिस्टम सक्रिय था और सरकार भी लोगों में दहशत न फैले इसके लिए लगातार प्रयास कर रही थी।
रजिउल्लाह ने बताया कि हमलों के कारण कुछ समय के लिए उड़ानें भी बंद कर दी गई थीं। तीन मार्च से दोबारा फ्लाइट शुरू होने पर उन्होंने टिकट कराया, लेकिन तत्काल टिकट के लिए लगभग दोगुना पैसा देना पड़ा। दिल्ली, लखनऊ या गोरखपुर की फ्लाइट नहीं मिलने के कारण उन्हें केरल के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा। वहां से हैदराबाद की लोकल फ्लाइट लेकर फिर गोरखपुर पहुंचे। करीब 20 घंटे की लंबी और कठिन यात्रा के बाद वह अपने गांव पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि दुबई में बड़ी संख्या में पर्यटक भी फंसे हुए थे, जिनकी व्यवस्था वहां की सरकार द्वारा की जा रही थी। लगातार हमलों के कारण लोगों में डर का माहौल था और सभी सुरक्षित स्थानों की तलाश में थे।
करीब दो महीने बाद जब रजिउल्लाह अपने घर पहुंचे तो परिवार का माहौल भावुक हो गया। पत्नी अफसरी खातून, पांच वर्षीय बेटी समरा और तीन वर्षीय बेटा हिसाम उनसे गले लग गए। लंबे समय बाद इस मिलन के पल में सभी की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े और पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *