भिटौली महराजगंज
घुघली थाना क्षेत्र के शिकारपुर सिंदुरिया मार्ग पर बल्लो खास में सोमवार सुबह लगभग 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीसीएम पर सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई वहीं मृतक के परिवार में चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार सेमरा राजा से एक डीसीएम भूसा लादने के लिए मजदूरों को लेकर निचलौल की तरफ जा रही थी। इसी दौरान शिकारपुर सिंदुरिया मार्ग पर बल्लो खास में डीसीएम के ऊपर केबिन में बैठा भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा निवासी मजदूर राजेश यादव 30 वर्ष अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता डीसीएम की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची एवं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस डीसीएम को भी अपने कब्जे में ले ली है।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गये। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एस ओ कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

