महराजगंज में रसोई गैस की किल्लत पर गरमाई सियासत, एआईएमआईएम ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

महराजगंज

जन प्रहरी न्यूज़
महराजगंज। जनपद में रसोई गैस सिलेंडरों की गंभीर कमी को लेकर लोगों की परेशानियाँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें लगने से उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष सरवर ख़ान ने अपने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि जनपद महराजगंज के विभिन्न विकासखंडों तथा ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) की भारी किल्लत बनी हुई है। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
एआईएमआईएम जिला अध्यक्ष सरवर ख़ान ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए संबंधित गैस कंपनियों और डीलरों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही गैस एजेंसियों पर भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए कतार प्रबंधन के लिए पुलिस या प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इसके अलावा आगामी ईद-उल-फितर पर्व को ध्यान में रखते हुए मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने की भी मांग की गई, जिससे पर्व के दौरान स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
सरवर ख़ान ने यह भी कहा कि गैस की कमी के कारण कालाबाजारी और जमाखोरी की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए प्रशासन को इस पर सख्त निगरानी रखनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एआईएमआईएम के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *