महराजगंज। जनपद के थाना घुघली क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है,युवती के पैर तथा सीने में गंभीर चोटे आयी है |
प्राप्त जानकारी के अनुसार एडवोकेट परदेसी विशार्या पुत्र की पुत्री मंगलम विशार्या 13 मार्च 2026 को करीब 3 बजे दिन में घरेलू सामान की खरीदारी कर अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से रजवाल चौराहे से घर वापस लौट रही थी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह नंदना काली मंदिर के पास मोड़ पर पहुंची, तभी पीछे से लाल रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार और लापरवाही से आते हुए स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती सड़क पर गिर पड़ी और उसके दाहिने पैर व छाती में गंभीर चोटें आ गईं। वहीं स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
आरोप है कि बाइक सवार विपुल गौतम पुत्र संतोष गौतम निवासी ग्राम परसा गिदही तथा योगेश पुत्र सतई निवासी नंदना टोला कंचनपुर टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस मामले में पीड़ित पिता एडवोकेट परदेसी विशार्या ने थाना घुघली में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

