भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बेलवा बुजुर्ग नूरन टोला गांव में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर लौट रहे 35 वर्षीय युवक की बाइक सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बेलवा बुजुर्ग नूरन टोला निवासी अनिल प्रसाद (35) पुत्र स्वर्गीय कन्हई प्रसाद रविवार को किसी आवश्यक कार्य से सिसवा मुंशी चौराहे गए थे। कार्य पूरा कर वह मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला मुख्यालय महराजगंज ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। उपचार के दौरान अनिल ने दम तोड़ दिया।
अनिल प्रसाद परतावल में साइकिल पंचर की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने दो भाइयों में छोटे थे। परिवार में पत्नी अर्जिना और दो मासूम बेटियां हैं। बड़ी बेटी की उम्र करीब छह वर्ष और छोटी की उम्र मात्र तीन वर्ष है। पति की मौत के बाद पत्नी अर्जिना का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मासूम बेटियां अभी यह भी नहीं समझ पा रही हैं कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है।
घटना की सूचना पर पहुंची भिटौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
गांव के लोगों के अनुसार अनिल मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है और परिजनों को सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।
