बगीचे में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप

महराजगंज

जन प्रहरी न्यूज़ (सम्पादक-आनन्द कुमार पाण्डेय )
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव बगीचे में महुआ के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान धरमौली निवासी इजहार उर्फ भोलू (24) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने अटकटवा स्थित एक बगीचे में युवक का शव पेड़ से लटका देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परतावल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मृतक इजहार तीन साल बाद विदेश से अपने घर लौटा था। कुछ महीने पहले उसका एक एक्सीडेंट भी हुआ था, जिसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। इजहार अपने छह भाइयों में चौथे नंबर पर था।
परिजनों के अनुसार सोमवार भोर में वह सेहरी करने के बाद घर से निकला था। कुछ देर बाद ही बगीचे में उसका शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए।
इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *