संवाद सूत्र, शिकारपुर: जन प्रहरी न्यूज़ भिटौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत भिटौली चौकी इलाके में ग्राम सेमरा राजा टोला करमहिया के समीप बरवा स्केप स्थित मौन नाला में मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे एक अधेड़ व्यक्ति का शव पानी में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल शिकारपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज अवधेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ विनोद यादव, अनिल कुमार, उपेंद्र यादव, राजमोहन यादव व विवेकानंद सिंह भी मौजूद रहे। वहीं भिटौली चौकी इंचार्ज यदुवीर सिंह यादव व उपनिरीक्षक दिनेश कुशवाहा ने बांस-बल्ली की सहायता से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
घटना की जानकारी मिलते ही भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस ने शव को किट में पैक कर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय महराजगंज स्थित मर्चरी हाउस भिजवा दिया।
मृतक की उम्र लगभग 53 वर्ष बताई जा रही है। वह गुलाबी रंग की फूलदार शर्ट, गुलाबी जांघिया, काली इनर बनियान और काला पैंट पहने हुए था। खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे संदिग्ध मान रहे हैं और हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में नहर में गिरकर डूबने से मौत का प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
