मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप: पत्नी पर पति को जिंदा जलाने का आरोप, गांव में दहशत

महराजगंज


परतावल (महराजगंज)। जन प्रहरी न्यूज़ जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बासपारकोठी टोला पिपरा गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मामूली घरेलू विवाद के बाद पत्नी द्वारा अपने ही पति को जिंदा जलाने का आरोप है। घटना के बाद से गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय रामपति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात रामपति और उनकी पत्नी सुमित्रा (55) के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुमित्रा ने पहले पति पर हमला किया और फिर कमरे में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि उसने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया, जिससे रामपति बाहर नहीं निकल सके।
रात में घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रामपति का पूरी तरह झुलसा हुआ शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को ही घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *