नहर पुल के पास संदिग्ध हालात में मजदूर का शव मिलने से सनसनीपांच मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों में मचा कोहराम

महराजगंज


भिटौली/महराजगंज।विवेक कुमार पाण्डेय
भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर नहर पुल के पास मंगलवार को एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अहिरौली निवासी 40 वर्षीय लक्ष्मण निषाद के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण निषाद मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार को वह किसी जरूरी काम से पिपरा खादर गए थे। बताया जा रहा है कि काम निपटाने के बाद वह नहर की पटरी के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे। तेज धूप के कारण वह रास्ते में एक पेड़ के नीचे बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने के बाद वह नहर किनारे गड्ढे में जा गिरे होंगे।
राहगीरों ने जब उन्हें अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो शोर मचाया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां लक्ष्मण को मृत देखकर पत्नी ममता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भिटौली सत्येंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक के बाईं आंख के पास हल्की चोट पाई गई है, जबकि शरीर पर अन्य कोई गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और मेहनत मजदूरी कर परिवार का सहारा बने हुए थे। उनके पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं। एक वर्ष पूर्व ही उनके पिता का भी निधन हो चुका था। ऐसे में इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *