परतावल/महराजगंज।जन प्रहरी न्यूज़
परतावल ब्लॉक अंतर्गत स्थित स्वर्गीय शिवपूजन दास स्मारक पब्लिक स्कूल, बेलवा बुजुर्ग एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, सोहावल में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर परतावल ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावकगण भी मौजूद रहे और बच्चों की प्रस्तुति का आनंद लिया।
अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि “बच्चे देश की अमूल्य धरोहर हैं और शिक्षक उन्हें संवारने वाले माली हैं। जब शिक्षा और संस्कार दोनों मिलते हैं, तभी राष्ट्र मजबूत और सशक्त बनता है।” उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और संस्कार अपनाने की भी प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।
