महराजगंज पहल’ से मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के बच्चों को मिलेगा संबल, परतावल में हुआ संवाद एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम

महराजगंज

महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की विशेष पहल “महराजगंज पहल” के तहत शनिवार को विकास खंड परतावल में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी बच्चों के लिए ब्लॉक स्तरीय संवाद एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कोविड अथवा अन्य कारणों से माता-पिता में से एक या दोनों को खो चुके बच्चों के सर्वांगीण विकास, मनोवैज्ञानिक सहयोग तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से समयबद्ध रूप से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में लाभार्थी बच्चों की विस्तृत प्रोफाइलिंग की गई, जिसमें उनकी शैक्षणिक स्थिति, व्यक्तिगत जानकारी, रुचियां, कौशल विकास की संभावनाएं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया। इस आधार पर प्रत्येक बच्चे एवं उसके परिवार की आवश्यकता के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर जोड़ने और गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से समय-समय पर काउंसलिंग एवं आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की भी योजना बनाई गई है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह रहे, जबकि ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे कोविड सहित अन्य परिस्थितियों से प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों को प्रभावी सहायता मिलेगी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार होगी।

अभियान के तहत मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से जुड़े 90 बच्चों की प्रोफाइलिंग कर उन्हें आवश्यक शासकीय सहायता एवं सेवाओं से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कृष्णकांत शुक्ल, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक विकास अधिकारी श्याम सुंदर तिवारी, एडीओ पंचायत देवेंद्र पटेल, यूनिसेफ की रूबीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *