भिटौली/महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के हरपुर महंथ निवासी 18 वर्षीय मेराज अली की गोंडा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार मेराज अली लगभग 15 दिन पहले रोजगार की तलाश में पहली बार चेन्नई गया था। वहां करीब 10 दिन काम करने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद वह बुधवार शाम गांव के ही एक युवक के साथ ट्रेन से घर लौट रहा था।
बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे ट्रेन गोंडा पहुंची। गर्मी लगने पर मेराज ट्रेन के दरवाजे पर बैठकर हवा खा रहा था। गोंडा देहात थाना क्षेत्र के भूलभुलिया के पास ट्रेन में तेज झटका लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोंडा देहात थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेराज दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता हाफिज अली मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के कारण मेराज परिवार का सहारा बनने के लिए पहली बार चेन्नई गया था, लेकिन घर लौटने से पहले ही यह हादसा हो गया। मां शहीदुन निशा का रो-रोकर बुरा हाल है।
