भिटौली महराजगंज जन प्रहरी न्यूज़
भिटौली थाना क्षेत्र के सोहसा बासपार में सरकारी चकरोड की भूमि से अवैध मिट्टी खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी लीलावती देवी ने जिला खनन अधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार अभय उर्फ पल्लू निवासी चौपरियां थाना श्यामदेउरवा द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के पिछले कई दिनों से जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन कराया जा रहा है। आरोप है कि खनन के दौरान सरकारी चकरोड को भी भारी क्षति पहुंची है जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की सूचना स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई है। इसके बावजूद खनन कार्य जारी रहने से सरकारी भूमि को नुकसान पहुंचा है तथा राजस्व की हानि हुई है।
प्रार्थना पत्र में जिला खनन अधिकारी से राजस्व एवं खनन विभाग द्वारा मामले की जांच कराने, अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी का आकलन करने तथा दोषियों के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई।

