हीट वेव और अग्निकांड पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए कड़े निर्देश

महराजगंज


महराजगंज, 30 मार्च। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव (लू) तथा पराली से होने वाली आग की घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्ययोजना बनाकर उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हीट वेव के दुष्प्रभाव और अग्निकांड की घटनाओं को न्यूनतम करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कंबाइन और रीपर मशीनों का उपयोग पूर्ण फसल कटाई के बाद ही किया जाए तथा भूसा निर्माण के दौरान फायर लाइन का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाए।
विद्युत विभाग को जर्जर ट्रांसफॉर्मर और विद्युत लाइनों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग को जंगलों में आग की रोकथाम के लिए फायर कंट्रोल लाइन बनाने और कंट्रोल बर्निंग की सूचना पहले से अग्निशमन विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को सभी उपकेंद्रों पर फायर टेंडर और संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं और ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नगर निकायों को पेयजल और छायादार स्थानों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हीट वेव के दौरान स्कूलों के समय में जरूरत के अनुसार बदलाव करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने कंबाइन और स्ट्रा रीपर संचालकों को चेतावनी दी कि बिना सुरक्षा इंतजामों के भूसा निर्माण कार्य करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गांव स्तर पर तैयारियों को मजबूत करने के लिए सभी एसडीएम को ट्यूबवेल, तालाब और अन्य जल स्रोतों की मैपिंग कर उन्हें क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। लेखपालों और ग्राम सचिवों को ग्राम स्तर पर बैठक कर समय से सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने भी सभी थानों पर कंबाइन और स्ट्रा रीपर संचालकों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक से पूर्व जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा हीट वेव प्रबंधन और विभागवार प्रगति रिपोर्ट पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। बैठक में जिले के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस सख्ती से हीट वेव और अग्निकांड की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *