जन प्रहरी न्यूज़
भिटौली (महराजगंज):
थाना भिटौली क्षेत्र के भिटौली टोला हथियागढ़ में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। शौच के लिए घर से निकला एक युवक नहर के किनारे पैर फिसलने से पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार हथियागढ़ निवासी इंद्रजीत (45) शनिवार सुबह शौच के लिए नहर की ओर गए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। तलाश करते हुए उनकी पत्नी गिलासी देवी नहर के पास पहुंचीं, जहां उन्होंने देखा कि उनके पति नहर में गिरे हुए हैं। यह देख उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद इंद्रजीत को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
