महराजगंज। जन प्रहरी न्यूज़ जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी का सख्त प्रशासनिक तेवर लगातार सामने आ रहा है। कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के अभियान के तहत एक ओर जहां श्यामदेउरवा थाना अध्यक्ष के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर एक थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
मंगलवार को ठूठीबारी थाना प्रभारी एसओ नवनीत नागर को निलंबित कर दिया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सूचना दिए एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया, जो विभागीय नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि एनडीपीएस जैसे संवेदनशील मामलों में उच्च अधिकारियों को सूचना देना अनिवार्य है।
इससे पहले सोमवार देर रात एसपी ने एक थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया, जहां अभिलेखों, साफ-सफाई और कार्यप्रणाली में कई खामियां सामने आईं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित थाना अध्यक्ष के खिलाफ जांच के आदेश दिए।
लगातार हो रही इन सख्त कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि नवागत एसपी जिले में लापरवाही और मनमानी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं।
इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।

