भिटौली महराजगंज जन प्रहरी न्यूज़
भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा पुल के समीप सोहरौना राजा में नहर की पटरी पर आज सुबह लगभग 6:00 बजे श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई जिसमें चालक सेवानिवृत्त फौजी की मृत्यु हो गई जबकि गाड़ी में सवार नौ लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार महाराजगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 शिव नगर निवासी संतोष कुमार वर्मा अपने बीवी बच्चों तथा जितेंद्र वर्मा अपनी पत्नी, मां-बाप एवं बच्चों के साथ तीन दिन पहले अपने घर से बाबा धाम के लिए दर्शन करने के लिए निकले थे। दर्शन करने के बाद आज सुबह वह घर लौट रहे थे कि भिटौली थाना क्षेत्र के सोहरौना राजा में नहर की पटरी पर चालक की झपकी आ जाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए गड्ढे में जाकर पलट गई। इस दुर्घटना में गाड़ी चला रहे संतोष वर्मा 45 वर्ष को गंभीर चोटे आई। इलाज के लिए इन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया जहाँ चिकित्सकों ने संतोष वर्मा को मृत घोषित कर दिया। गाड़ी में सवार संतोष वर्मा की पत्नी सुमन वर्मा 42 वर्ष, पुत्र गौरव वर्मा 12 वर्ष एवं जितेंद्र वर्मा 35 वर्ष उनकी पत्नी रागिनी वर्मा 32 वर्ष, माता-पिता निर्मला देवी 55 वर्ष, रामदयाल वर्मा 60 वर्ष एवं जितेंद्र वर्मा के पुत्र जीत वर्मा 3, कृष्णा वर्मा उम्र 7 वर्ष एवं पुत्री आराध्या वर्मा 8वर्ष सभी घायल हो गए। सभी घायलों को भिटौली पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेज दिया जहां निर्मला देवी एवं रामदयाल वर्मा की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। मृतक संतोष वर्मा सेवानिवृत्त फौजी था एवं वर्तमान में विद्युत उपकेंद्र भिटौली में गार्ड की नौकरी कर रहे थे। एस ओ मदन मोहन मिश्र ने बताया कि मृतक संतोष वर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
