भिटौंली /महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिर्जापुर पकड़ी उर्फ रघुनाथपुर स्थित श्मशान घाट से दो सागौन के पेड़ चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ग्रामीणों ने सिसवा मुंशी चौकी प्रभारी को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण रणजीत यादव, सर्वजीत व राम टहल सहित अन्य लोगों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, श्मशान घाट पर वर्षों पहले बड़ी संख्या में वृक्ष लगाए गए थे। आरोप है कि बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने करीब चार फीट घेरा और लगभग सात फीट लंबे दो पुराने सागौन के पेड़ों को काटकर पिकअप वाहन से उठा ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना में 8 से 10 अज्ञात लोगों के शामिल होने की आशंका है। घटना के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त है।
इस संबंध में सिसवा मुंशी चौकी प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
